दो दिन से लापता व्यक्ति की तालाब में मिला शव
- मंगलवार को मुकदमे की तारीख पर गए थे दिलीप
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडेरवा। थाना क्षेत्र के बरडाढ चौराहे से दक्षिण मुंडेरवा महादेवा मार्ग के किनारे स्थित तालाब में बृहस्पतिवार को सुबह शव उतराता देखा गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मुंडेरवा पुलिस को दी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और शिनाख्त करवाया तो उसकी पहचान सिघोरवा गांव निवासी दिलीप शर्मा उम्र 50 वर्ष के रूप में हुई। परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ बताने की स्थिति में है। एसओ सत्येंद्र कुंवर ने बताया कि हादसा भी हो सकता है।
सिघोरवा निवासी दिलीप शर्मा मंगलवार को अपने घर से बस्ती कचहरी एक मुकदमे के मामले में गए थे। वहां से घर वापस आने के बाद सायं लगभग चार बजे पत्नी से रुपये लेकर बाजार सब्जी खरीदने गये थे, किंतु घर वापस नहीं लौटे। देर शाम तक दिलीप जब घर नहीं आये तो उनकी पत्नी और छोटा बेटा शिवम तलाश करने घर से निकले। बुधवार को भी इन लोगों ने पास-पड़ोस और नात रिश्तेदारी में पता किया लेकिन कहीं पता नहीं चला। बृहस्पतिवार को पुलिस में सूचना देने की बात कर ही रहे थे कि बरडाड़ चौराहे के पास स्थित तालाब में शव मिलने की सूचना घरवालों को मिली। दिलीप के बेटे ने शव की पहचान की। परिवार वाले हत्या की आशंका जता रहे हैं जबकि पुलिस का कहना है कि हत्या या हादसा की बात पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पायेगा।