बस्ती रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री संवाद
बस्ती। महानगरों को वापस जाने वाले यात्रियों को एक बार फिर मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। एक तरफ जहां परदेसियों को तत्काल में कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं स्पेशल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते आने-जाने वाली स्पेशल ट्रेन कई घंटे की देरी से चल रही है। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। ट्रेनों के लेट होने से दिनभर प्लेटफाॅर्म पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। रेलवे समय सारिणी के अनुसार रविवार को दरभंगा-नई दिल्ली होली स्पेशल ट्रेन के दोपहर 3:37 बजे आने का समय था, लेकिन यह ट्रेन 13 घंटे लेट होने से अब सोमवार की सुबह पांच बजे के बाद आने की संभावना है।
आनंद विहार पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन के बस्ती रेलवे स्टेशन पर शाम को 5:45 बजे आने के समय निर्धारित है, लेकिन 8 घंटे लेट होने से यह ट्रेन अब रात में 12 बजे के बाद आने की संभावना है। पूर्णिया कोर्ट आनंद विहार स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय से 7:30 घंटे की देरी से चल रही है। इसके अलावा बरौनी नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन 3:30 घंटे, गोमती नगर स्पेशल ट्रेन 6 घंटे और गोरखपुर पुणे स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय से 2 घंटे की देरी से चल रही है।
रेलवे स्टेशन पर दरभंगा नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्री शंभू नाथ और गोमती प्रसाद ने बताया कि 40 किमी दूर से ट्रेन के निर्धारित समय से स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए आ गया। स्टेशन पर पहुंचने के बाद पता चला कि जिस ट्रेन से यात्रा करनी है, वह ट्रेन 13 घंटे की देरी से चल रही है। मजबूर होकर पूरी रात प्लेटफाॅर्म पर समय बिताना पड़ेगा। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि त्योहार बाद महानगरों को वापस जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन लगातार कराया जा रहा है।