गनेशपुर नगर पंचायत में चाय की दुकान पर बैठकर नागरिकों से संवाद करते सीआरओ व एसडीएम स्रोत विभाग
बस्ती। नगरीय नोडल अधिकारी व सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती बृहस्पतिवार को नगर पंचायत गनेशपुर में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ढेरों खामियां मिलीं। उन्होंने संबंधित को सुधार के लिए निर्देशित किया।
सीआरओ ने सफाई एवं व्यापक कचरा प्रबंधन की हकीकत को देखा। क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की जमीनी हकीकत को देखा गया। सार्वजनिक स्थलों और सड़कों के किनारे कचरा डंपिंग की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया गया। सफाई के निर्देश दिए। नाला सफाई और बारिश की पूर्व तैयारियों को लेकर की गई कार्रवाई को भी देखा। जलभराव की गंभीर समस्या से निपटने के लिए प्रमुख नालों की सिल्ट सफाई (सफाई व्यवस्था) का निरीक्षण किया गया।
कहा कि जलनिकासी के मुख्य मार्गों में आ रही रुकावटों को चिन्हित किया गया ताकि बारिश के दौरान सड़कों या गलियों में पानी न भरे। स्थानीय नागरिकों को मिल रहे पेयजल की शुद्धता और उसकी नियमित आपूर्ति को लेकर फीडबैक लिया गया। निरीक्षण में स्थानीय बुजुर्गों, दुकानदारों और आम जनता से सीधा संवाद किया। उनके बीच बैठकर, आत्मीयता के साथ उनकी समस्याओं को सुना गया। कूड़ा गाड़ी के आने के समय, नाली-नालों की वास्तविक स्थिति और स्थानीय दिक्कतों को लेकर जनता से बात की गई। कहा कि सुधार न होने पर जवाबदेही तय होगी।
ईओ अजय पांडेय को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में सुधार लाएं। जहां, जलनिकासी समस्या हो खत्म करें। नालियों की सफाई कराएं। पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज से बर्बाद हो रहे पानी को लेकर नाराजगी जताई कहा कि लीकेज को ठीक कराएं। सहायक नोडल अधिकारी स्थानीय निकाय राजेश कुमार यादव एवं स्वच्छ भारत मिशन से मंडल कार्यक्रम प्रबंधक अमरेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।