पुलिस के हस्तक्षेप के बाद माने ग्रामीण
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। भानपुर रुधौली मार्ग पर सोनहा थाने के परसोनिया पड़ाव पर शराब की दुकान खुलने की सूचना के बाद ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। दोपहर 12:30 बजे ग्रामीण सड़क पर उतर गए। संजय पांडेय के नेतृत्व में भानपुर रुधौली मार्ग जाम किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर रास्ता खुलवाया। इस दौरान ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष ओम प्रकाश यादव को ज्ञापन दे कर दुकान स्थानांतरित करने की मांग की।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि शराब की दुकान जहां खोली गई है वहां आबादी है। इसके अलावा उसके सामने बालिकाओं का विद्यालय भी है। ऐसे में दुकान नियम विरुद्ध बना दी गई है। इस मौके पर संजय पांडेय,अय कुमार, अर्जुन अग्रहरि, हनुमान शुक्ला, मोहम्मद हुसैन, अतुल श्रीवास्तव, राम बाबू, टीपू अंसारी, अनिल कुमार, विकास चौधरी मौजूद रहे। थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों को समझाबुझा कर मामला शांत करा दिया गया हैं। साथ ही अनुज्ञापी को भी अन्यत्र दुकान की तलाश करने को कहा गया है।
शराब की दुकान को लेकर विरोध
दुबौलिया। थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में शनिवार को शराब की दुकान खोले जाने को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने काम रोक दिया। गांववाले इसकी शिकायत डीएम और एसपी से कर चुके हैं। इसके पहले देशी, अंग्रेजी और बीयर की दुकान विशेषरगंज बाजार में संचालित की जा रही थी। लेकिन हाईकोर्ट के निर्णय के बाद दुकान को हाईवे और राज्य मार्ग से दूर स्थापित किया जाना है। उसी के चलते शराब के व्यवसायी दुकान को बाजार से हटाकर गांव में ले जा रहे थे। गांव में एक खाली मकान में दुकान खोले जाने की तैयारी चल रही थी। तभी महिलाएं और बच्चों ने पहुंचकर विरोध शुरू कर दिया। गांववालों की मांग थी कि दुकान जिस नाम से उसी स्थान पर खोली जाए। एसओ ने दुकान के संचालन पर रोक लगाते हुए ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।