बस्ती। श्रीमती फूलमती देवी हायर सेकेंड्री स्कूल साहूपार में के परीक्षार्थियों से नकल के एवज में सुविधा शुल्क मांगने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पहले तो केंद्र व्यवस्थापक को बदल दिया गया है। परीक्षा केंद्र पर एक स्टटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है।
जेडीई एबी चतुर्वेदी ने बताया कि बोर्ड को उन परीक्षार्थियों की कापियों के विशेष मूल्यांकन के लिए लिखा जाएगा, जिनकी कापियों में लिखे शब्दों को पेन से काट देने के आरोप लगाए गए हैं। बताया कि छात्रों का कॅरिअर बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। बताया चूंकि कापी के बंडल को खोलने का अधिकार सिर्फ बोर्ड को ही है, इस लिए बोर्ड से सिफारिश की जाएगी।
बृहस्पतिवार को नरेंद्र प्रसाद शांति देवी इंटर कालेज बढ़नी में पढ़ने वाले छात्रों ने डीएम आवास पर धरना प्रदर्शन करते आरोप लगाया था कि वह लोग श्रीमती फूलमती देवी हायर सेकेंड्री स्कूल साहूपार में परीक्षा दे रहे हैं।
नकल के नाम पर प्रत्येक छात्र से सुविधा शुल्क मांगा जा रहा है। न देने वाले परीक्षार्थियों की कापियों पर लिखे शब्दों को पेन से काट दिया जाता है। डीएम नरेंद्र सिंह पटेल ने शनिवार को विद्यालय में एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है। एसओसी ज्ञानेश पांडेय को स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है।