दुबौलिया थाना के रामजानकी मार्ग पर ट्रक और टैम्पो के दुर्घटना से टैम्पो पलटा।
राम जानकी मार्ग पर गोकुलपुर के पास ट्रक व आटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। सोमवार दोपहर करीब एक बजे हुई इस घटना में महिला समेत दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। छह अन्य गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें तीन को जिला अस्पताल को रेफर कर दिया गया।
छावनी तिराहे से राम जानकी मार्ग पर होकर दुबौलिया आ रहा आटो जब गोकुलपुर के पास पहुंचा तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक का दाहिना टायर फट गया। जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर आटो से जा टकराया। जोरदार टक्कर लगने से आटो पास एक पुलिया से जा टकराई। घटना होते देख आसपास के तमाम लोग पहुंचे और आटो से घायलों को निकाला। इनमें महिला समेत दो की मौत हो चुकी थी। जिनकी पहचान काफी मशक्कत के बाद हो सकी। जेब से मिली मोबाइल के आधार पर एक की पहचान बहराइच जिले के पयागपुर थानाक्षेत्र के राजापुर कला निवासी अजय पाल सिंह ( 35) के रूप में की गई। मृतक महिला की पहचान दुबौलिया थाना क्षेत्र के बैरागल निवासी 45 वर्षीया साबिदा पत्नी हासिम के रूप में हुई। घायलों में शकुंतला पत्नी भगवान दास निवासी दुबौला कप्तानगंज, आशा पत्नी किशनदेव निवासी भीमलजोत दुबौलिया के अलावा आशा का छह माह का बेटा जिला अस्पताल भेजे गए। जबकि दुबौलिया एहतमाली के 38 वर्षीय राम जनक, कलवारी वैष्णोपुर के 30 वर्षीय सूरज और आटो चालक धर्मेंद्र पांडेय निवासी नादेकुइयां दुबौलिया का कप्तानगंज सीएचसी पर इलाज चल रहा है।