सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांटे स्थित स्वांति फीलिंग स्टेशन की तिजोरी से 5. 40 लाख रुपये गायब होने का मामला प्रकाश में आया। पंप के मैनेजर ने कांटे चौकी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इधर पुलिस के शक की सुई पंप के कर्मियों पर ही है।
कांटे प्रतिनिधि के अनुसार भाजपा के पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला का कांटे के पास स्वांति फीलिंग स्टेशन नाम से पेट्रोल पंप है। रविवार को पंप के कैशियर ने बिक्री का पांच लाख चालीस हजार रुपये बैंग में रख कर तिजोरी में रखा था।
सोमवार को तिजोरी से रुपये गायब होने की जानकारी हुई तो पंप कर्मियों में हड़कंप मच गया। पंप मालिक पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला ने फोन पर जहां घटना की जानकारी चौकी इंचार्ज कांटे को दी,वहीं बाद में पंप के मैनेजर रवींद्र कुमार वर्मा ने घटना की तहरीर कांटे पुलिस चौकी पर दी। चौकी इंचार्ज रामभवन यादव ने बताया कि पंप के मैनेजर रवींद्र कुमार का आरोप था कि विक्री का पांच लाख चालीस हजार रुपये कैशियर रामहित ने रविवार को तिजोरी में रखा था।
सोमवार को तिजोरी बंद होने के बाद भी उसमें रखे रुपये गायब थे। चौकी इंचार्ज ने बताया की इस घटना में प्रथमदृष्टया पंप कर्मियों की मिलीभगत लग रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जैसी स्थिति बनेगी, उसके अनुसार कार्रवाई होगी।