वाल्टरगंज क्षेत्र में ग्रामीणो ने डीसीएम को क्षतिग्रस्त किया।
वाल्टरगंज क्षेत्र में रविवार को अलग अलग दुर्घटनाओं में दो लोग जख्मी हुए हैं। एक की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
सल्टौआ ब्लॉक रोड़ से सल्टौआ के जमुना कसौधन बाइक से कहीं जा रहे थे। अचानक साइकिल लेकर एक बालक सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर जमुना सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद जुटे आसपास के लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां स्थिति गंभीर देख चिकित्सक ने जिलाचिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।
दूसरी घटना में डीसीएम की खुली रस्सी में फंसकर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार डीसीएम मेरठ से टॉफी लादकर गोरखपुर जा रहा था। उसमें बंधी रस्सी खुलकर लटक रही थी। जिंनवा के पास बाइक चालक फंसकर गिर गया। लापरवाही देखकर लोगों को गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने डीसीएम को क्षतिग्रस्त भी कर दिया। पुलिस वाहन लेकर थाने चली आई।