बस्ती। हाइवे पर छावनी थाना क्षेत्र के पचवस गांव के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक ने मौके पर दम तोड़ा तो दूसरे ने जिला अस्पताल फैजाबाद में दम तोड़ दिया।
जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र के अशोकपुर गांव के रहने वाले 55 वर्षीय हनुमान सिंह पुत्र बुधई सिंह और 30 वर्षीय रामकेवल उर्फ कुली पुत्र मिठाईलाल किसी काम से बुधवार को फैजाबाद गए थे। रात में वे दोनों बाइक से लौट रहे थे। रात नौ बजे के करीब उनकी बाइक जैसे ही छावनी थाना क्षेत्र के पचवस गांव के पास पहुंची, उसे एक अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर ट्रैक्टर ट्राली और जेसीबी मशीन से टकरा गई।
हादसा इतना भयानक था कि जब तक लोग मौके पर पहुंचते हनुमान सिंह ने दम तोड़ दिया। दूसरा युवक कुली गंभीर रूप से घायल था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल फैजाबाद भिजवाया। जहां पहुंचने के बाद डाक्टर ने युवक को भी मृत घोषित कर दिया।