बस्ती/छावनी। हाइवे पर रविवार की दोपहर दो बजे के करीब एक भयानक हादसा हुआ। फैजाबाद से बस्ती की ओर जा रहे अंग्रेजी शराब लदे ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में एक बाइक चालक ट्रक के पीछे जा भिड़ा। जैसे-तैसे उसे तो बचा कर जिला अस्पताल भेज दिया गया, मगर ट्रक को जलने से रोका नहीं जा सका। ट्रक चालक और खलासी ट्रक के जलने से पहले भाग निकले।
रविवार को छावनी थाना क्षेत्र के कौआडाड़ निवासी पुरुषोत्तम पांडेय पुत्र रामसहाय किसी काम से फैजाबाद गए थे। लौटते समय छावनी थाना क्षेत्र के पचवस गांव से थोड़ी दूर पहले वह आगे चल रहे अंग्रेजी शराब लदे ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में हादसे का शिकार हो गए।
बाइक समेत वह ट्रक के पीछे फंसकर कुछ दूर घिसटते चला गए, इस बीच उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर छावनी थाना क्षेत्र के पचवस गांव के लोग उन्हें बचाने के लिए ट्रक रुकवाए और जैसे-तैसे पुरुषोत्तम को ट्रक के पीछे से निकाला।
इस दौरान मौका देख ट्रक चालक और खलासी दोनों भाग निकले। इस बीच ट्रक से धुंआ निकलते देख लोगों में अफरातफरी मच गई। थोड़ी ही देर में ट्रक धू धू कर जलने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पुरुषोत्तम पांडेय को जिला अस्पताल फैजाबाद भिजवाया।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
ट्रक के जलने की खबर पाकर घटना स्थल पर पहुंची दमकल की गाड़ी को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। मगर तब तक ट्रक बुरी तरह जल चुका था। बाद में क्रेन मंगाकर सड़क से ट्रक को हटाया गया। इस दौरान हाइवे पर आवागमन में दिक्कत हुई। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूर तक वन वे कर यातायात को संचालित किया। तकरीबन तीन घंटे तक आवागमन प्रभावित हुआ।
रविवार को बेटी का तिलक ले जाना था
हादसे में गंभीर रूप से घायल पुरुषोत्तम पांडेय को रविवार की शाम को ही बेटी का तिलक लेकर बस्ती जिले के महसो ग्राम पंचायत में जाना था, मगर नियति को शायद यह मंजूर नहीं था। वह तिलक लेकर महसो जाते इससे पहले उनके साथ हादसा हो गया और वह अस्पताल पहुंच गए।