मुंडेरवा के बिहरा में जिंदा जलाकर मार डालने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने राजकुमार के चाचा राम छैल की तहरीर पर गांव के राम प्रसाद, उसकी पत्नी और बेटी सीमा को नामजद किया है। प्रभारी एसपी रोहित मिश्र के अनुसार तीनों पर आईपीसी की धारा 326 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोप है कि 18 मार्च की रात इन तीनों ने मिलकर राजकुमार पर मिट्टी तेल उड़ेलकर आग लगाया। सोमवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड दो में भर्ती राजकुमार ने अपनी प्रेमिका व उसके परिवार के लोगों पर जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप लगाया था। तहरीर में भी कहा गया है कि घटना करने उसके साथ तीन लोग आए थे। तहरीर में बताया कि शनिवार की रात वह अपनी राइस मिल पर सो रहा था इसी दौरान आरोपियों ने मिट्टी तेल डालकर आग लगा दी थी। राजकुमार के अनुसार तीन साल से उसका सीमा से प्रेम संबंध था। मगर पंचायत के बाद उसने दूरी बना ली। कुछ समय बाद जब शादी तय हो गई तभी से सीमा उसे जिंदा जला देने की धमकी देती थी।