परशुरामपुर थाना क्षेत्र के नंदनगर के बच्चो की तालाब मे डूबने से मौत होने पर मौके पर पहुचे पुलिस।
गोंडा जिले के सीमा पर स्थित परशुरामपुर थाना क्षेत्र के नंदनगर चौरी गांव के समीप सोमवार को तालाब में नहाने और कमल का फूल तोड़ने उतरे चार बच्चे डूबने लगे। इनमें तीन बच्चों की डूबकर मौत हो गई, जबकि एक को उधर से गुजर रहे मुन्ना मिश्र ने जान पर खेलकर सुरक्षित निकाल लिया। पुलिस ने तीनों बच्चों का शव कब्जे में लेकर पंचनामा कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिवार के लोगों को सौंप दिया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि तालाब में खिले कमल के फूल व उसके बीज तोड़ने के चक्कर में यह हादसा हुआ। घटनाक्रम के अनुसार शारिफ (12) पुत्र शह्जाद, आदिल (10 ) पुत्र अब्दुल मोबीन, इम्तियाज (13 ) पुत्र नियाद अहमद और आनस (10) पुत्र जलालुद्दीन सोमवार को करीब साढ़े 10 बजे घर से निकले। तालाब के पास पहुंचे तो सभी नहाने पानी में उतर गए। पानी मे खिले कमल का फूल तोड़ने के चक्कर में वे पोखरे के अंदर तक चले गए। इस दौरान चारों बच्चे डूबने लगे। बच्चों को डूूबता देखकर रास्ते से गुजर रहे मुन्ना मिश्रा निवासी पहलीग्राम थाना नवाबगंज जिला गोंडा तालाब में कूद पड़े। तीन बच्चे डूबे चुके थे लेकिन उन्होंने आनस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। शोर पर गांव वाले भी जुट गए। मरने वाले बच्चों में शारिफ, आदिल और इम्तियाज शामिल हैं। घटनास्थल पर पहुंचे सीओ हरैया व एसओ ने बताया कि शवों का पंचनामा कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।