कलवारी थाना क्षेत्र के बस्ती-कलवारी मार्ग पर सानिया की मौत होने पर मौके पर पहुची पुलिस फोर्स।
बहादुरपुर थाना क्षेत्र में कलवारी बस्ती मार्ग पर स्थित प्राथमिक विद्यालय बेलवाडाड़ के पास सड़क हादसे में किशोरी की मौत हो गई। वह अनियंत्रित पिकअप वाहन की चपेट में आ गई थी। पुलिस ने किशोरी का शव को कब्जे में ले लिया है।
ननिहाल से आ रही तेरह वर्षीय सानिया पुत्री मोहम्मद वसीम निवासी खासपुर थाना टांडा जिला अंबेडकरनगर की मौत बस बदलने के चक्कर में शुक्रवार की शाम साढ़े चार बजे हो गई। परिवार वालों के अनुसार सानिया के नाना की मौत हो गई थी। उसी में शामिल होने के लिए सानिया अपनी मां और मौसी(खाला) के साथ ननिहाल धनघटा थाना क्षेत्र के लौकिहवा गांव गई हुई थी। वहां से वह शुक्रवार को लखनऊ जा रही प्राइवेट बस से वह अपने घर लौट रही थी। बस का कंडक्टर उसका सगा संबंधी था। उसने टांडा की तरफ जाने वाले बस के ड्राइवर से बात करके बेलवाडाड़ के पास सानिया और उसके परिजनों को भेजा। सानिया अभी सड़क पार ही कर रही थी कलवारी की तरफ से जा रही पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पिकअप चालक हादसे के बाद गाड़ी लेकर फरार हो गया। कलवारी के एसओ विक्रम सिंह ने बताया कि किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू की जा रही है। साथ ही पिकअप के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।