लालगंज थाना क्षेत्र बंडा गांव में महिला की हत्या होने पर विलाप करते परिवार के लोग।
- फोटो : रमेश मिश्र
बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के बंडा गांव में सोमवार की देर रात घर के बरामदे में सो रही महिला की कुदाल से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त कुदाल गांव के उत्तर नहर से बरामद कर पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है। हत्या की वजह को लेकर असमंजस है।
बंडा गांव की 50 वर्षीय बसंती पत्नी रामकिशोर सोमवार की रात परिवार के कुछ सदस्यों के साथ बरामदे में सोई थी। बगल में कुछ दूरी पर बड़ी बेटी विंध्यवासिनी और उसका 12 वर्षीय बेटा मनोज भी सोया था। रात में 12 से एक बजे के बीच बसंती की चीख सुनकर पड़ोसी रामनैन और घर के लोग जाग गए तो देखा कि कुछ लोग भाग रहे हैं। बसंती के घरवाले भी जाग गए।
घर वालों ने भाग रहे लोगों में से एक को गांव के ही सदानंद के रूप में पहचान लिया। कुदाल से वार से बसंती के गले और चेहरे बुरी तरह जख्मी हो गए थे। शरीर खून से लथपथ था। उनकी सह हालत देख विंध्यवासिनी, उसका भाई सुभाष और रामनैन ने शोर मचाना शुरू कर दिया। गांव के लोग जुट गए। गंभीर हालत में बसंती को सीएचसी बनकटी ले जाया गया, जहां से डॉक्टर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल ले जाते समय बसंती ने रास्ते में दम तोड़ दिया। इधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के संबंध में परिवार के लोगों से पूछताछ की। बाद में पुलिस ने दिवंगत बसंती की बहू रेनू पत्नी सुभाष की तहरीर पर गांव के ही सदानंद के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सीओ रुधौली एसएन सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्यारोपी की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगा रही है।