शहर के कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर में रविवार सुबह एक युवक ने ढाई वर्ष की बच्ची से रेप की कोशिश की। शोर मचाने पर परिवार के लोग पहुंचे तो बालिका को लहूलुहान पाया। आरोपी युवक को मोहल्ले के लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है। पीड़िता को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के मूल निवासी दीपक गौड़ का परिवार गांधीनगर के एक मोहल्ले में रहता है। पुलिस के अनुसार वह नशे का आदी हो चुका है और अल्कोहल व थिनर सूंघकर नशा करता है। रविवार को तीन-चार दिन बाद वह कहीं से घर पहुंचा। बगल में रहने वाले उसके सगे पट्टीदार की दो बच्चियां घर में खेल रही थीं। उनमें से एक को उसने गोद में उठा लिया और घर के बगल में जानवरों के बांधने की घारी में ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। इसी बीच बच्ची के साथ खेल रही दूसरी लड़की ने उसके पिता को बताया। जब परिवार के लोगों को आते देखा तो बच्ची को लहूलुहान छोड़कर अपने घर में घुस गया। इस बीच आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी का कहना है कि अस्पताल में भर्ती बालिका की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ रेप और पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।