रास्ते में खड़ी कार हटाने को लेकर रविवार देर शाम पुरानी बस्ती में जमकर बवाल हुआ। काफी तादाद में दुकानदार और उनके परिवार के लोग थाने में घुसकर हंगामा करने लगे। उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे थानेदार पर भी युवकों ने हाथ चला दिया।
धक्का-मुक्की के बीच भीड़ ने हिरासत से रतन जायसवाल नामक व्यापारी को जबरन छुड़ाने की कोशिश की। थाने में ही व्यापारी हाथापाई करने लगे। इस बीच एसओ की वर्दी भी फट गई। प्रभारी एसपी नरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस की तरफ से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। रतन को भी पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए ले जाया गया है। बाकी हंगामा करने वालों को चिह्नित करके पुलिस कड़ी कार्रवाई करने की बात कह रही है।
उधर, पिटाई में घायल रतन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उल्टियां होने पर उन्हें केजीएमसी रेफर कर दिया गया। उनके दो भाई रमन और राहुल के अलावा रत्नेश श्रीवास्तव को पुलिस ने हिरासत में रखा है। आगे बवाल न बढ़े,इसे रोकने के लिए थाने व मुख्य बाजार में भारी तादाद में फोर्स तैनात कर दी गई है।
एसओ अनिल कुमार दुबे ने बताया कि यह लोग पुलिस और यूपी गवर्नमेंट को गालियां देते हुए थाने में घुसे। उस समय दुकानदार की रतन की मां लक्ष्मी बैठकर एसओ व अन्य अधिकारियों से वार्ता कर रही थीं। इसी दौरान अचानक कुछ लोग गुट से अंदर घुसे और एसओ पर टूट पड़े। कुछ लोग थाने के कार्यालय और हवालात की तरफ बढ़ने लगे। जब लगा कि थाने के मालखाने और दफ्तर के अभिलेख-शस्त्र असुरक्षित हो रहे हैं तो बल प्रयोग करना पड़ा। सीओ पवन गौतम के अलावा आसपास थानों की फोर्स पहुंच गई है।
-----------
ऐसे शुरू हुआ विवाद
- पुरानी बस्ती पांडेय बाजार पुलिस चौकी से सीधे पालीटेक्निक चौराहे की तरफ जाने वाली सड़क पर बाएं तरफ रतन जायसवाल की मोबाइल की दुकान है। रविवार शाम को पुरानी बस्ती एसओ हमराहियों के साथ रूटीन गश्त पर निकले। एसओ के अनुसार रतन की दुकान के सामने काफी संख्या में गाड़ियां रोड पर खड़ी थीं, जिससे उधर का आवागमन प्रभावित हो रहा था। इस पर दुकानदार से गाड़ी रास्ते से हटाने का आग्रह किया। इस दौरान बहस बढ़ने लगी। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी भी ली और रतन को हिरासत में ले लिया।
----------------
थाने लेकर आने के बाद बढ़ा विवाद
- रतन जायसवाल को थाने लेकर आने के बाद बवाल ज्यादा बढ़ा। उसी समय व्यापारी की मां पुलिस से बहस कर रही थी। तब तक बात काबू में थी लेकिन अचानक थाने के गेट की तरफ से 15-20 लोग दाखिल हुए और हंगामा शुरू हो गया।
-------------
नहीं है भरोसा, एसपी को देंगे तहरीर
- हिरासत मं लिए गए रतन के भाइयों का कहना है कि वह इस थाने में तहरीर नहीं देंगे। क्योंकि इन पर भरोसा नहीं है। वे एसपी को थानेदार व पुरानी बसती थाने के स्टाफ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के लिए प्रार्थनापत्र देंगे।