साढ़े नौ लाख की लूट में वांछित आरोपी पकड़ा गया
हर्रैया थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी राम सहाय खटिक छत्तीसगढ़ में बस्ती पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम के हाथ लग गया है। हालांकि पुलिस अभी इस बारे में कुछ भी बताने से बच रही है, मगर पुलिस सूत्रों की माने तो साढ़े नौ लाख की लूट में शामिल रामसहाय को गिरफ्तार करने के लिए क्राइम ब्रांच कुछ दिनो से ब्यूह रचना में जुटी थी। लूट सहित कई वारदातों में बस्ती पुलिस को उसकी तलाश थी। इसका साथी राम शंकर सोनकर भी कुछ वर्षों है फरार बताया गया है।
गोरखपुर के बेतियाहाता स्थित शुभम कंस्ट्रक्शन कंपनी का मुनीम जितेंद्र सिंह निवासी पिपरा गौतम थाना नगर जिला बस्ती 20 अप्रैल 2013 को बकाया वसूली के लिए निकला था। उसने ओड़वारा, मुंडेरवा, चुरेब आदि जगहों से वसूली करते हुए लालगंज थानाक्षेत्र के बानपुर रोड पर स्थित त्रिपाठी बिल्डिंग मैटीरियल की दुकान से 85 हजार रुपये लिए । इसके बाद उसके पास कुल साढे़ नौ लाख की रकम इकट्ठा हो गई । बाइक से रकम लेकर वह भोगीपुर डिग्री कॉलेज और कटया गांव के बीच पहुंचा था कि बाइक सवार तीन युवकों ने उसे पिस्टल दिखाकर रोक लिया और डिग्गी व बैग की तलाशी लेकर रकम ले ली और तमंचा लहराते हुए बिना नंबर की बाइक से देईसांड की ओर भाग निकले थे। बदमाश मुनीम का मोबाइल भी छीन ले गए थे। लूट की इस घटना को रामसहाय खटिक और उसके दो साथियों ने अंजाम दिया था। इसमें से पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया था, मगर रामसहाय पुलिस के हाथ नहीं लग सका था।