भानपुर (बस्ती)। सोनहा थाना क्षेत्र के परसाखुर्द बुजुर्ग ग्रामपंचायत के दरियापुर जगंल गांव में बाल्टी में डूबने से एक मासूम की मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर को हुई जब बच्चा बारामदे में खेल रहा था। उसी वक्त फोन आने पर उसकी मां मोबाइल पर बात करने लगी। इधर बच्चा खेलते-खेलते पास में रखी बाल्टी के पास जा पहुंचा और उसी में गिर पड़ा। मां जब वापस लौटी तो इकलौते बेटे को बाल्टी में बेसुध पड़ा देख होश उड़ गए। आनन-फानन में बच्चे को भानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मृत घोषित करते ही मां बेसुध होकर गिर पड़ी। मासूम मां के साथ अपनी ननिहाल में ननिहाल आया था। मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया।
गोंडा जिले के खोडारे थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी अनिल चौधरी का करीब एक साल का बेटा प्रिंस हाल ही में अपनी मां के साथ परसाखुर्द बुजुर्ग के दरियापुर जंगल निवासी मामा रामभवन चौधरी के घर आया था, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया। डॉक्टरों के मुताबिक सीएचसी लाने से पहले ही प्रिंस की मौत हो गई थी। बच्चे के पिता को हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग आनन -फानन परसाखुर्द पहुंचे और प्रिंस के शव को लेकर सेमरा चले गए। अनिल और संगीता का विवाह कुछ ही वर्ष पहले ही हुआ था। प्रिंस उनका पहला और इकलौता बेटा था। मासूम की मौत की सूचना पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पीड़ित परिवार को ढांढस बधाने आए लोग भी आंसू नहीं रोक सके ।