मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गाड़ीवान निवासी युवक का शव शनिवार सुबह घर के कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। छत पर लगे कुंडे पर बिजली का तार बंधा हुआ था। गले में फंदा कसा था। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की बहन ने नामजद साथियों के विरुद्ध हत्या की तहरीर दी है।
मोहल्ला गाड़ीवान गोरखनाथ बाबा मंदिर वाली गली निवासी दर्शन सक्सेना के माता-पिता की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। पत्नी मानसिक रूप से विक्षिप्त है। शनिवार सुबह जब वह शराब के नशे में था। तभी मोहल्ले के कुछ लोगों से विवाद के बाद मारपीट हो गई थी। इसके कुछ देर बाद दर्शन का शव घर के कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला।
बताया जाता है कि गले में फंदा कसने के निशान हैं। वहीं कमरे की छत पर लगे कुंडे में भी बिजली का तार बंधा हुआ था। देखने से लग रहा था कि शव बिजली के तार के फंदे से लटका जिसे किसी ने काट कर शव को उतारा है। पुलिस ने मृतक की पत्नी से पूछताछ की तो वह कुछ नहीं बता सकी।
मृतक के चार साल के बच्चे ने पूछताछ में मारपीट की घटना का जिक्र किया है। एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने भी जानकारी ली। शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की बहन सुनीता निवासी बालाजी पुरम ने चार लोगों के विरुद्ध मारपीट कर हत्या करने की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर कोतवाली का कहना है कि तहरीर मिल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, मोहल्ला गाड़ीवान में युवक की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के बाद फोरेंसिक टीम जांच करने पहुंची। घटनास्थल पर मिले नमूनों को सील कर जांच के लिए भेजा है।