सोनहा थाना क्षेत्र के भौखरी मंे विवाहिता की मौत होने पर जिला अस्पताल मंे विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
सोनहा/बस्ती। सोनहा थानाक्षेत्र के भौखरी निवासी 22 वर्षीया सरस्वती की रहस्यमय हालत में झुलसने के बाद जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। खबर पाकर अस्पताल पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर जमकर भड़ास निकाली। इलाज कराने गई सास को बंधक बनाकर पिटाई की। कुछ अन्य लोग भी उनके आक्रोश का शिकार बने। खबर पाकर कोतवाली पुलिस पहुंची, तब जाकर उन्हें मुक्त कराया गया। घटना से अनजान लड़की के ससुर उसके मायके जा पहुंचे, जहां उन्हें भी गांव वालों ने बैठा लिया है।
बता दें कि चितरगावां निवासी सरस्वती की शादी भौंखरी के प्रदीप के साथ करीब दो वर्ष पहले शादी हुई। प्रदीप मुंबई रहता है। बृहस्पतिवार को परिवार के लोग कहीं गए थे। इसी बीच अचानक घर में चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। जाकर देखा तो सरस्वती का शरीर धू-धू कर चल रहा था। किसी तरह आग बुझाकर उसे लोग सल्टौआ सीएचसी ले गए। मगर हालत देखते हुए डाक्टर ने रेफर करके जिला अस्पताल भेजा।
जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते मिलते ही मायके से पहुंची तमाम महिलाएं व पुरुष जा पहुंचे और हंगामा करने लगे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कृष्ण चंद्र चौधरी के अनुसार उन लोगों ने लड़की की सास को बंधक बनाकर मारापीटा। यहां तक कि शादी कराने में मध्यस्थता निभाने वाले व्यक्ति को भी पीट दिया। हंगामे की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस पहुंची तब वे ससुरालियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद शांत हुए।