हर्रैया। स्कूल जाते समय सोमवार को कक्षा एक के छात्र का बाइक सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। जानकारी के बाद पुलिस बच्चे की तलाश में जुट गई। देर रात करीब 9.45 बजे अपहृत छात्र को फैजाबाद के नाका मोहल्ले से एक रिश्तेदार के यहां से स्वाट टीम और हर्रैया पुलिस ने मुक्त करा लिया।इसके साथ ही मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार जिवधरपुर राय गांव निवासी हरिश्चंद्र का आठ वर्षीय पुत्र अन्नू उर्फ अंकित हाइवे के किनारे स्थित राम शब्द वाणी विद्या मंदिर में कक्षा एक का छात्र है। सोमवार सुबह करीब पौने दस बजे वह घर से पैदल छोटी बहन अनुप्रिया व दो अन्य बच्चों शालू व अंकुर के साथ स्कूल जा रहा था।
हाइवे पर जय गुरुदेव आश्रम के समीप लगे यात्री छाजन के पास बाइक सवार अपहरणकर्ताओं ने अन्नू को बुलाया और बहन अनुप्रिया को फल देते हुए कहा कि अभी तो अन्नू को ले जा रहे हैं। लौटकर तुमको भी ले चलेंगे। यह कहने के बाद मासूम अन्नू को बाइक पर बैठाकर वे निकल गए।
स्कूल पहुंचने पर बच्चों ने घटना की जानकारी प्रधानाचार्य शिवबालक को दिया तो उन्होंने मोबाइल से अन्नू के घर वालों को सूचना दी। मासूम के अगवा होने की खबर से हरिश्चंद्र के घर में कोहराम मच गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना की जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रवीन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे और साथ गए बच्चों से अपहर्ताआें के बारे में पूछताछ की। छोटी बहन अनुप्रिया केवल इतना बता सकी कि अपहरणकर्ता ने उसे संतरा देकर कहा कि अभी अन्नू को ले जा रहा हूं लौटकर तुमको भी ले चलूंगा।
बाद में एसपी शिव हरी मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक बीरेन्द्र कुमार यादव, सीओ कृष्ण मुरारी ने गांव जाकर घरवालों से पूछताछ की। पिता हरिश्चंद्र की तहरीर पर हर्रैया थाने में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।