बस्ती। नेपाल के रहने वाले एक युवक की लाश मंगलवार की शाम को पैकोलिया थाना क्षेत्र के पेड़रिया गांव के पास सड़क के किनारे गेहूं के खेत में मिली है। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान तो नहीं मिले हैं, मगर सीने पर रगड़ के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
नेपाल के तुलसीपुर दांग के रहने वाले 30 वर्षीय संजय मोदनवाल पुत्र पन्नालाल की ससुराल बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के दुबौला कस्बे में है। संजय की तबियत खराब होने की सूचना पर उसके ससुर बुद्घूलाल मोदनवाल बेटी के ससुराल तुलसीपुर दांग नेपाल गए। रविवार को वह दामाद संजय, बेटी रीता और उनके दो बच्चों मुस्कान व मुकेश को लेकर दुबौला बस्ती आ गए। सोमवार की भोर में अचानक संजय कहीं गायब हो गया।
काफी तलाश के बाद वह नहीं मिला। मंगलवार को अचानक पैकोलिया के पेड़रिया गांव निवासी इस्राइल के गेहूं के खेत में युवक का शव मिलने की सूचना पर पहुंचे उसके ससुर बुद्घूलाल शव को देखते ही फूट-फूट कर रो पड़े। लोगों ने पूछता तो बताया कि शव उनके दामाद संजय मोदनवाल का है। एसओ पैकोलिया सलीमुजफ्फर खां ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। संजय की मौत कब और कैसे हुई इसका पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल सकेगा।