थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत औड़जंगल के प्राथमिक विद्यालय दुर्गापुर में बने मतदान केंद्र पर शनिवार को मतदान के दौरान बवाल करने और पुलिस पर हमला करने के आरोप में छह नामजद और 25 अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें से पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
प्राथमिक विद्यालय दुर्गापुर में बने मतदान केंद्र पर मोबाइल ड्यूटी पर पहुंचे उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद ने मतदान केंद्र पर भीड़ को हटाने का प्रयास किया तो ग्रामप्रधान पद के प्रत्याशी की ओर से आरोप लगाया गया कि पुलिस के लोग उनके वोटरों को बार बार भीड़ हटाने के बहाने भगाया जा रहा है।
इसी बीच किसी समर्थक ने डंडे लेकर उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद पर वार कर दिया, जिससे इनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट लग गई। इसकी खबर लगते ही भारी संख्या में पुलिस बल मतदान केंद्र पर पहुंचकर भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले व रबर की बुलेट दागी गईं। इसके बाद भीड़ मतदान केंद्र से हटी।
सोनहा थाने के उपनिरीक्षक दुर्गाप्रसाद के तहरीर पर थाने में औड़जंगल टोला बनकटवा बड़ा के अजीत चौधरी, आदित्य चौधरी पुत्रगण रामराज चौधरी, राजू पुत्र तुलसीराम, रमेश यादव पुत्र काली प्रसाद, सूरजूपुर गांव के ओमप्रकाश चौधरी पुत्र रामजियावन व औड़जंगल खास के रमेशचंद पुत्र नागेश्वर सहित 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
थानाध्यक्ष निर्भय नरायन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
नामजद आरोपियों में से एक आदित्य चौधरी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं आरोपी बनाए गए अज्ञात लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।