गांव सेका में मुख्य मार्ग पर बदमाशों ने दिनदहाड़े एक डेंटिस्ट की गाड़ी के आगे वाहन खड़ा कर उसकी आंखों में मिर्च डाल 3.70 लाख रुपये लूट लिए। दंत चिकित्सक अपनी कार से नांगल चौधरी से अटेली पैसे लेकर किसी काम के लिए जा रहा था। वारदात की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। डीएसपी हेडक्वार्टर ने थाने में पहुंच पीड़ित से वारदात की जानकारी ली।
गांव खोड़ निवासी डेंटिस्ट डा. जयनारायण सिंह का नांगल चौधरी में क्लीनिक है। रविवार दोपहर 11:30 बजे वह नांगल चौधरी से अपनी गाड़ी में अटेली जा रहे थे। चिकित्सक के मुताबिक गाड़ी में 3.70 लाख रुपये की राशि गाड़ी में रखी थी और वह अपने गांव खोड़ जाने के लिए निकला था। चिकित्सक के मुताबिक उसने यह राशि ड्राइवर साइड के दरवाजे में बने एक खाली स्थान पर नीचे थैली में रखी थी।
11:30 बजे वह गांव सेका के पास पहुंचा तो पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार उसकी गाड़ी के आगे लगाकर रोक ली। गाड़ी में कई लोग सवार थे। उनमें से दो अनजान चेहरे वाले उतरे और खिड़की खोलने की बात कही। वह कुछ समझ नहीं पाया और खिड़की खोल दी। खिड़की खुलते ही एक व्यक्ति ने उसके पेट में जोर से मुक्का मारा और दूसरे ने आंख में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया। आंखों में मिर्च लगने पर वह दर्द से चिल्लाया। उसी समय खिड़की में बने एक खाने में प्लास्टिक की थैली में रखी 3.70 लाख रुपये की रकम लेकर बदमाश भाग गए।
सूचना मिलते ही दौड़ी पुलिस
चिकित्सक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। वीटी पर पुलिस दौड़ी और चारों तरफ नाकेबंदी कर दी। कंट्रोल रूम से लूट की वीटी की गई। वहीं सदर पुलिस थाना नारनौल के एसएचओ शिव कुमार भी टीम सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने आस-पास लोगों से बातचीत की और पीड़ित चिकित्सक और उसकी सफारी गाड़ी को पुलिस थाना में लेकर आए। सदर एसएचओ शिव कुमार ने बताया कि वारदात की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे थे। पीड़ित से घटना का पूरा ब्योरा लिखित में लिया है। वारदात पर प्रथम दृष्टि संदेह है। दंत चिकित्सक का मेडिकल करवाएंगे, ताकि घटना के दौरान आंखों में डाली मिर्च का पता चल सके। अभी जांच चल रही है। वारदात में कितनी सच्चाई है यह जांच की विषय है।