जिला जेल के जिला जज एमए सिद्घकी , डीएम नरेंद्र सिंह पटेल और एसपी कृपा शंकर सिंह ने किया निरीक्षण।
- फोटो : रमेश मिश्र
बस्ती। मंगलवार को संतकबीरनगर के न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों के निरीक्षण बाद बुधवार को बस्ती के डीजे, डीएम और एसपी ने मंडलीय कारागार का निरीक्षण किया। बंदियों की परेड का निरीक्षण किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
बुधवार को सुबह सवा दस बजे के करीब डीजे एमए सिद्दीकी, डीएम नरेंद्र सिंह पटेल, एसपी कृपाशंकर सिंह एक साथ जेल पहुंचे। जेल गार्द की सलामी लेने के बाद सीधे बैरकों में बंदियों की परेड का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों से उनके केस और कोर्ट में उसकी प्रगति के बारे में पूछा। उनसे जेल में किसी प्रकार की असुविधा के बारे में भी जानकारी ली। ऐसे बंदी जिनके आगे पीछे कोई नहीं है, या फिर उनके केस की पैरवी करने वाला कोई अधिवक्ता नहीं है, उन्हें विधिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने एक-एक कर सभी बैरकों, जेल अस्पताल, पाकशाला, महिला बैरेेक आदि का निरीक्षण किया।
जेल में निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। डीजे ने 70 वर्ष से अधिक उम्र और काफी दिनों से बंद कैदियों के बारे में जानकारी ली। जेलर को उनकी रिपोर्ट बनाकर उपलब्ध कराने को कहा। इस दौरान प्रभारी जेल अधीक्षक एसडीएम सदर रामप्रसाद, जेलर वीके मिश्र, डिप्टी जेलर केके मिश्र, ओमप्रकाश, जेल चिकित्सक डॉ. मोहम्मद अतीक आदि मौजूद रहे।