छावनी (बस्ती)।
लखनऊ से गोरखपुर जा रही ट्रैवलर (लग्जरी मिनी बस) सोमवार तड़के करीब 03 बजकर 16 मिनट पर छावनी थाने के बबुरहवा के पास स्पीड ब्रेकर पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में 12 यात्री और चालक जख्मी हो गए। चालक की हालत गंभीर है।
तेज रफ्तार के चलते टक्कर होने से दूर तक आवाज गई। आसपास के घरों और दुकान के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे के वक्त नींद में होने के कारण ज्यादातर यात्री सीट से नीचे गिर गए। मिनी बस में सवार सभी 12 यात्री घायल हो गए। इनमें लखनऊ, देवरिया, कुशीनगर, फैजाबाद, संतकबीरनगर आदि जिलों के यात्री शामिल हैं। एनएचएआई और पुलिस ने घायलों को सीएचसी हर्रैया पहुंचाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद ज्यादातर यात्री चले गए। कुछ यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर को झपकी आने से मिनी बस बेकाबू हुई। इससे हादसा हो गया। यात्रियों के मुताबिक भोर में छावनी थाने के बबुरहवा के पास ट्रैवलर पहुंची। सामने के ब्रेकर को देख न पाने की वजह से गाड़ी अनियंत्रित होकर साइड में पहले से खड़े ट्रक में पीछे भिड़ गई। एनएचएआई के एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रेया पहुंचे यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर को कई बार झपकी आई तो कुछ लोगों ने उससे गाड़ी रोक कर मुंह धो लेने को भी कहा, लेकिन फैजाबाद के इनायतनगर निवासी ड्राइवर मोहम्मद अहमद ने उनकी हिदायत को अनसुना कर दिया।
हादसे में इन्हें लगी चोट
चालक मोहम्मद अहमद (42) निवासी अछोरा इनायतनगर, फैजाबाद। जितेंद्र चौहान (46) निवासी वुही टोला थाना रामकोला जनपद कुशीनगर, सूर्यभान (50) निवासी छवा मिल बक्शी तालाब लखनऊ, जैश (32) निवासी निवासी गुडम्बा लखनऊ, राकेश सिंह (39) निवासी खरवनिया कला, महुली संतकबीरनगर, सुदीश गंगवार (45) लखनऊ, छांगुर कुशवाहा (48) निवासी अपरहा, हाटा, कुशीनगर, सूरज पाठक (25) निवासी देवरिया, अरुण कुमार (34) निवासी पीलीभीत और गोरखपुर के रवीश कुमार घायल हुए।