हाईवे पर थाना छावनी क्षेत्र के टिकारिया के सामने बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। एक्सीडेंट को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक को पटखापुर चौराहा के पास स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
क्षेत्र के मल्हनी निवासी राम अचल पांडेय साइकिल से चारा काटने की मशीन का गड़ासा ठीक कराने पटखापुर चौराहे पर आए थे। घर लौटते समय विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक के दो बच्चे हैं, जिनमें लड़के की उम्र 10 वर्ष और लड़की की उम्र 15 वर्ष है। विक्रमजोत चौकी प्रभारी रामप्रकाश यादव ने बताया कि ट्रक यूपी53डीटी/2925 को पकड़कर और खलासी बब्लू निवासी मोहनाखुर्द थाना मुंडेरवा बस्ती को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में जांच के बाद दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।