बस्ती। जीआईसी परिसर से भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एमएलसी
प्रत्याशी का नामांकन जुलूस निकालना जिला प्रशासन को नागवार गुजरा। इस
मामले में पुलिस ने भाजपा जिलाध्यक्ष पवन कसौधन के साथ ही डेढ़ सौ अज्ञात
पर मुकदमा दर्ज किया है।
सोमवार को एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन
दाखिल करने के लिए भाजपा प्रत्याशी प्रमोद कुमार चौधरी उर्फ गिल्लम का
जुलूस जीआईसी परिसर से दोपहर 12 बजे के करीब निकला। जुलूस में बड़ी संख्या
में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ दो जिलों के सांसद, जिलाध्यक्ष भी
शामिल हुए।
जुलूूस में शामिल लोग नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की
तरफ आए। जुलूस में शामिल भीड़ को पुलिस संभाल नहीं पा रही है। शास्त्री
चौक पर पहुंचने के बाद जुलूस में शामिल में वहां रुक गए। वहां सांसद हरीश
द्विवेदी और प्रत्याशी आदि ने कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया।
इस
दौरान जाम की भी स्थिति बन गई। जिला प्रशासन के निर्देश पर शहर कोतवाल
सच्चिदानंद त्रिपाठी ने इस मामले में जीआईसी से शास्त्री चौक तक ध्वनि
विस्तारक यंत्रो के साथ पार्टी के पक्ष में तथा पुलिस प्रशासन
विरोधी नारे लगाने, जुलूस निकालने के आरोप में बस्ती के भाजपा जिलाध्यक्ष
पवन कुमार कसौधन के साथ ही 150 व्यक्ति और नाम पता अज्ञात के विरुद्घ
कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
वहीं भाजपा नेताओं ने पुलिस के इस
कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ने जुलूस की अधिकारिक परमीशन
ली थी। सपा का जुलूस जिला प्रशासन को क्यों नहीं दिखाई पड़ा। प्रशासन एक
पक्षीय कार्रवाई कर लोकतंत्र का गला घोंट रहा है।