छावनी थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव के सामने शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक पेड़ से तकरीबन 25 वर्षीय युवक का शव लटका मिला। उसके गले में प्लास्टिक की रस्सी बंधी हुई थी। आसपास के लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस को तलाशी के दौरान जेब से एक पत्र मिला। जांच के दौरान पता चला कि नगर थाना क्षेत्र के जुआजाता गांव की युवती अर्चना की बुधवार को हत्या के मामले में पुलिस को जिसकी तलाश थी यह वही युवक है । जेब से मिले पत्र में दिवंगत ने अर्चना के साथ अपने संबंधों को स्वीकार किया है।
शनिवार सुबह कुछ लोगों ने शंकरपुर गांव के पास पेड़ से युवक का शव लटका देखा तो पुलिस को मामले की जानकारी दी। एसओ छावनी विक्रम सिंह, चौकी प्रभारी विक्रमजोत रामप्रकाश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को नीचे उतरवाया। लाल रंग के प्लास्टिक की रस्सी से लटके शव का बारीकी से निरीक्षण किया तो उसकी जेब से एक पत्र मिला। जिसमें दिवंगत ने अपना नाम शिवकुमार पता पोखरा बाजार थाना नगर जिला बस्ती लिखा था। हालांकि पत्र में आत्महत्या करने की बात नहीं लिखी है, मगर पत्र में जो लिखा है उससे लगता है कि वह नगर थाना क्षेत्र के जुआजाता गांव की अर्चना नामक लड़की से प्रेम करता है। अर्चना की लाश मिलने पर उसे लगता था कि पुलिस उसे आरोपी समझ रही है, इस कारण वह परेशान था। छावनी पुलिस ने पत्र के आधार पर नगर थाने से संबंध साधा। थोड़ी देर बाद सीओ कलवारी अरशद जमाल सिद्दीकी और फोरेंसिक टीम के प्रभारी संजय सिंह फोरेंसिक टीम के साथ पहुंच गए। पुलिस कि सूचना पर पहुंचे दिवंगत के पिता इंद्रासन ने बेटे की पहचान की। बाद में बयान लेने के लिए पुलिस उन्हें छावनी थाने ले गई। फोरेंसिक टीम की जांच पड़ताल के बाद शिवकुमार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।