आम-आवाम ही नहीं पुलिस प्रशासन की नाक में दम करने वाले चोरों के गिरोह को पुलिस ने दबोचने में कामयाबी हासिल की। बहराइच जिले के छह चोरों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में सोने के गहनों के अलावा सवा किलो चांदी के जेवर, आला नकब, शटर तोड़ने के औजार भी बरामद किया। इसके साथ ही चोरी-नकबजनी के कई मामलों का खुलासा भी किया गया।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने रविवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान इनकी करतूतों का ब्योरा बताया। इस गैंग ने बस्ती और संतकबीरनगर में चोरी की 18 घटनाओं में संलिप्तता कबूल की। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्घ बहराइच, गोंडा बलरामपुर, श्रावस्ती व संतकबीरनगर जनपद में भी चोरी एवं नकबजनी के मामले दर्ज हैं। इस गैंग के कई सदस्य बहराइच के पयागपुर व विशेषरगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर भी हैं।
एसपी ने बताया कि एएसपी रोहित मिश्र के निर्देशन में सीओ सदर/अपराध एसएन सिंह के नेतृत्व में टीम ने गिदही निकट पावर हाउस के पास बाग से इन छहों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्त में आए आरोपियों में पांच हजार के इनामिया चोर बबलू चौहान, राकेश चौहान व अनूप उर्फ राजेश निवासी बबया टोला रुकनापुर थाना पयागपुर जनपद बहराइच, रोशनलाल निवासी दिखितपुरवा टोला दीवानपुरवा थाना विषेशरगंज बहराइच, नन्हके उर्फ अजय चौहान निवासी चंदवापुर थाना पयागपुर, छैलू चौहान निवासी दिखितपुरवा टोला ककरहवा थाना विषेशरगंज बहराइच शामिल हैं।
आरोपियों को गिरफ्तार करने वालों में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कपिलमुनि सिंह, सर्वेश राय, स्वाट प्रभारी के अलावा आनंद प्रकाश, छोटेलाल, मणींद्र प्रताप, मनोज राय, अरविन्द, अजय, सदानन्द, अजय, अमित पाठक स्वाट टीम के साथ ही सर्विलांस सेल के जर्नादन, जितेन्द्र शामिल हैं। टीम को एसपी के स्तर से पांच हजार का पुरस्कार दिया गया। टीम को अपराधियों पर घोषित इनाम भी दिया जाएगा।