दांत से बिजली का तार छीलते समय करंट आ जाने से नगर थाना क्षेत्र के गोटवा बाजार में 45 वर्षीय शख्स की मौत हो गई। परिवार वालों का कहना है कि स्विच बोर्ड में तार टूट गया था। उसे जोड़ते समय अचानक करंट आ गया।
गोटवा निवासी प्रभाकर यादव का बंजरिया फार्म रोड पर मकान है। सोमवार को होली मनाने में परिवार के लोग मशगूल थे। रसोई में गुझिया आदि पकवान बन रहा था। तभी बिजली गुल हो गई। बताया जा रहा है कि वह मेन स्विच बोर्ड खोलकर तार जोड़ने की कोशिश कर रहे थे। तार के ऊपर लगा रबर दांत से हटाने लगे। तभी करंट आ गया। हाथ में लिया तार उनके हाथ में चिपक गया। लोग भागकर पहुंचे तो देखा कि उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभाकर की पत्नी कृष्णावती व दो बेटे जयवीर, यशवीर के अलावा 10 वर्षीय बेटी स्तुति का रो-रोकर बुरा हाल है।