बस्ती। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती को उसके अपने ही एक रिश्तेदार और उसके साथी ने पंचायती राज विभाग में सफाईकर्मी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख रुपए ठग लिए। इतना ही नहीं लखनऊ ले जाकर उसका यौन शोषण भी किया। मंगलवार को एसपी से मिलकर पीड़िता ने अपनी फरियाद सुनाई और आरोपियों पर कार्यवाही की मांग की।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने मंगलवार को एसपी से मिलकर बताया कि उसके एक रिश्तेदार जो सोनहा थाना क्षेत्र में रहता है, वह नौ माह पूर्व उसके घर एक बबलू नामक एक व्यक्ति के साथ आया। दोनो ने अपने आपको पंचायती राज विभाग का कर्मचारी बताते हुए उसे सफाईकर्मी की नौकरी दिलाने का लालच दिया। दोनो ने दो लाख रुपए नौकरी दिलवाने के नाम पर मांगे।
असमर्थता व्यक्त करने पर कहा कि रुपया किश्तों में दे देेना। दोनो ने युवती को दो मई 2015 को विकास भवन बुलाया। विकास भवन के नीचे दोनो ने युवती से 70 हजार रुपए लिए और कहा कि तुम्हारी नौकरी हर्रैया विकास खंड में लग गई है। वहां कभी कभार जाना पड़ेगा, बाकी हस्ताक्षर विकास भवन में ही हो जाएगा। दोनो हफ्ते दस दिन पर विकास भवन में उसे बुलाते रहे और किसी रजिस्टर पर उसका हस्ताक्षर बनवाते रहे।
इस बीच फिर उन लोगों ने रुपए के लिए दबाव बनाया तो उसने जून 2015 में फिर 70 हजार रुपए दे दिए। कुछ दिन बाद आरोपी बबलू ने कहा कि उसका वेतन एसबीआई कप्तानगंज में उसके खाते में आ गया है, जाकर निकाल ले। वह गई और अपने खाते से 18 हजार रुपए निकाल लाई। इसके बाद आरोपी फिर रुपए की मांग करने लगे तो पीड़िता ने नवंबर 2015 में 60 हजार रुपए कप्तानगंज चौराहे पर लाकर उन लोगों को दे दिया।
इसके बाद जब उन लोगों से वेतन की बात पीड़िता ने की तो उन लोगों ने कहा कि उसकी नौकरी अभी स्थाई नहीं हुई है। इसके लिए लखनऊ चलना पड़ेगा। उसे लखनऊ ले जाकर आरोपियों ने यौन उत्पीड़न किया और बाद में उसे कप्तानगंज लाकर छोड़ दिया। एसपी ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।