बस्ती। शहर कोतवाल देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ अधिवक्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। उन्हें हटाने को लेकर सोमवार को कचहरी में न्यायिक बहिष्कार किया। न्यायालय के गेट पर भारी तादाद में अधिवक्ता जुटे और काफी देर तक पुलिस प्रशासन और कोतवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कोतवाल पर आरोप है कि उनकी शह पर रौता चौराहे के पास एक मकान कब्जा कराया जा रहा है। इसे लेकर सोमवार को सिविल बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम पलट मिश्र की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें अधिवक्ता राम शंकर तिवारी के प्रकरण पर विचारोपरांत कोतवाल के कृत्यों की भर्त्सना की गई। साथ ही न्यायिक कार्य बहिष्कार का फैसला लिया गया।
तत्पश्चात कोर्ट के मध्य गेट पर तमाम अधिवक्ता जुटने लगे। जमकर नारेबाजी करने के साथ ही वे प्रकरण की जांच कराने की मांग कर रहे थे। इस दौरान सिविल बार के महामंत्री दयाशंकर दूबे, जनपद बार के महामंत्री रविशरण सिंह, गणेश शंकर मणि त्रिपाठी, अजय सिंह, शरद चतुर्वेदी, राम कृपाल चौधरी, रवि प्रताप सिंह, अजय पाल, अरविंद चौधरी, सिद्धार्थ गौतम, मृत्युंजय उपाध्याय, दिलशाद हसन खां, पावेंद्र नाथ पुरी, राजेंद्र प्रसाद यादव, राजेश सिंह, प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव, अखंड पाल, प्रशांत भारती सहित तमाम अन्य लोग मौजूद रहे।