अंबेडकरनगर के टांडा में सोमवार को छापेमारी के दौरान पकड़ी गई बालू खनन कर रही पोकलैंड और बालू का ढेर।
- फोटो : अमर उजाला
एसडीएम पंकज ने सोमवार सुबह अलीगंज पुलिस व राजस्वकर्मियों के साथ सरयू नदी के रायपुर घाट पर छापा मारा। खनन में लिप्त लोग तो नहीं मिले, लेकिन टीम को वहां बड़ी मात्रा निकाला गया बालू व एक पोकलैंड मिली। उसे एसडीएम ने अलीगंज पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया। मामले में वैधानिक कार्रवाई किए जाने के संकेत दिए गए हैं।
गौरतलब है कि सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर अवैध बालू खनन का काला कारोबार लंबे समय से चल रहा है। इसकी शिकायतें अक्सर सामने आती भी रहती हैं। बीते दिनों स्थानीय प्रशासन ने कई घाटों पर छापेमारी भी की थी, लेकिन कोई बड़ी सफलता पुलिस को नहीं मिल सकी थी।
इस बीच दो दिन पहले ही स्थानांतरित होकर टांडा पहुंचे एसडीएम पंकज ने बालू खनन को लेकर गंभीरता दिखाते हुए पुलिस व राजस्वकर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की थी। इस बीच सोमवार डीएम विवेक को सूचना मिली कि बालू खनन माफिया द्वारा दुद्धी लुंबनी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरयू नदी के रायपुर घाट पर बालू खनन किया जा रहा है।
डीएम ने एसडीएम पंकज को छापेमारी करने का निर्देश दिया। एसडीएम ने अलीगंज पुलिस व राजस्वकर्मियों के साथ रायपुर घाट पर पहुंचकर छापेमारी किया। टीम को देखते ही खनन में लिप्त लोग वहां से भाग खड़े हुए।
टीम को वहां खनन में मिले लोग तो नहीं मिले, लेकिन बड़ी मात्रा में निकाला गया बालू व एक पोकलैंड मिली। इस पर एसडीएम ने मशीन को अलीगंज पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया। एसडीएम ने कहा कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।