फोरलेन हाईवे पर थानाक्षेत्र के ककुआ रावत के पास शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे किसी वाहन की साइड लगने से कार अनियंत्रित होकर रोड के किनारे पेड़ से जा टकराई। लिहाजा कार में सवार चार युवक घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार कप्तानगंज क्षेत्र के भैरवपुर निवासी 23 वर्षीय सुग्रीव, महराजगंज निवासी संदेश कुमार, विशाल सोनी और गोपाल सोनी एक ही कार में सवार होकर बस्ती की तरफ जा रहे थे। ककुआ रावत के पास बेकाबू कार पेड़ से टकराने के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया जिनमें संदेश कुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है। पेड़ से टक्कर तो भीषण हुई लेकिन कार का एयरबैग खुल जाने से आगे बैठे दोनों सवारों की जान बच गई।
प्राइवेट लाइनमैन की करंट से मौत
नगर बाजार। क्षेत्र के कोठवा भरतपुर गांव के रोशन चौहान (25) पुत्र बिट्टन की करंट लगने से मौत हो गई। पास के बक्सर गांव से एक युवक उसे बिजली ठीक कराने के लिए ले गया। देर शाम टेंपो पर लादकर उसकी लाश घर पहुंची तो कोहराम मच गया। मृतक के चाचा रामू ने पुलिस को तहरीर दी कि उसका भतीजा बिजली विभाग में प्राइवेट लाइनमैन था। दोपहर को बक्सर के पास खंभे पर तार जोड़ते समय उसे करंट लग गया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक नगर रमेश ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।