खेत में महिला को घायल कर किया दुष्कर्म
बेहोशी की हालत में घरवालों को खेत में मिली महिला
गोरखपुर के चिलुआताल का रहने वाला है आरोपी युवक
अमर उजाला ब्यूरो
मुंडेरवा। थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार शाम 45 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी 21 वर्षीय आरोपी राहुल यादव निवासी चिलुआताल गोरखपुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मुंडेरवा पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि सरसों का काटने खेत गई थी। आरोपी युवक की गांव में ननिहाल है। खेत में अकेला देेखकर छेडछाड़ करने लगा। मंसूबे में कामयाब नहीं होते देखा तो हमला कर घायल कर दिया। कपड़े फाड़ कर निर्वस्त्र कर दिया। बेहोश होने पर दुष्कर्म किया। देर शाम तक महिला जब घर नहीं पहुंची तो लोग तलाश करते हुए खेत में पहुंच गए, जहां वह बेहोशी की हालत में मिली। परिजनों ने पीड़िता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरवा पहुंचाया। होश आने पर उसने आपबीती सुनाई।
एसओ मुंडेरवा सदानंद सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर आरोपी युवक का मोबाइल, जूता, जींस पैंट भी बरामद हुई है। मोबाइल से ही आरोपी युवक का पता भी चल सका। उसका नाम राहुल यादव है, जो अपनी ननिहाल में यहां एक गांव में रहता है। इससे पहले भी वह आपराधिक मामलों तथा चोरी में जेल जा चुका है। अभी 26 जनवरी को ही वह जेल से छूटा है।