वाल्टरगंज (बस्ती)। चार पहिया वाहन की चपेट में आने से बाइक चालक गंभीर घायल हो गया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने हालत बिगड़ती देखकर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने के पहले ही घायल ने दम तोड़ दिया।
दुर्घटना वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में बस्ती-डुमरियागंज मार्ग स्थित डढ़वामिश्र गांव के समीप रविवार रात हुई। बड़बढया निवासी नरसिंह चौधरी (58) रात करीब पौने नौ बजे बाइक से घर जा रहे थे। डढ़वामिश्र गांव के समीप डुमरियागंज की ओर से तेज गति चार पहिया वाहन की ठोकर लग गई। नरसिंह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवार वालों को भी हादसे की जानकारी दी। आनन-फानन में लोगों की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होती देखकर डॉक्टरों ने लखनऊ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। लेकिन पहुंचने से पहले ही नरसिंह चौधरी की मौत हो गई। पत्नी, लड़के रमेश, उमेश व बेटियां स्वेता, अनुराधा आदि पूरे परिवार के लोगों के रोने बिलखने से लोगों की भीड़ लग गई।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।