विक्रमजोत। छावनी थानाक्षेत्र के फोरलेन के पठखापुर चौराहे पर शुक्रवार को देर रात अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पहुंची पिकअप बोलेरो से जा टकराई। हादसे में पिकअप चालक और हेल्पर मामूली रूप से घायल हो गए।
शुक्रवार को रात करीब सवा 10 बजे बस्ती से अयोध्या की तरफ जा रही पिकअप के सामने अचानक छुट्टा पशु आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर फोरलेन डिवाइडर पार कर दूसरी लेन पर बोलेरो से जाकर टकराने के बाद पलट गई।
इस हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही दुर्घटना में पिकअप चालक अब्दुल सलीम निवासी वसुधरन थाना देवरनिया जिला बलिया तथा खलासी इस्लाम मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के कारण फोरलेन के एक तरफ थोड़ी देर के लिए जाम लग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एनएचएआई की एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी भेजा गया। बोलेरो चालक बाल बाल बच गया। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने क्रेन की मदद से हटवाकर आवागमन सुचारु कराया।