जहरीले कीड़े के काटने से बालक की मौत
दुबौलिया के देवारागंग बरार में हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
दुबौलिया। थाना क्षेत्र के देवारागंग बरार गांव में 12 वर्षीय बालक को जहरीले कीड़ेे ने काट लिया। हालत खराब होने पर उसे सीएचसी कप्तानगंज में भर्ती कराया गया। बाद में उसे गोरखपुर रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
देवारागंग बरार गांव के सूबेदार का बेटा आकाश सोमवार को घर के पास खेल रहा था। अचानक किसी जहरीले कीड़े ने उसे पैर में काट लिया। घर आकर जानकारी दी तो परिवार के लोग उसे तत्काल लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचे। जहां इलाज होने के बाद उसकी तबीयत में सुधार देखकर परिवार के लोग घर लेकर चले आए। परिवार के लोगों के मुताबिक डॉक्टरों ने आकाश के स्वस्थ होने के बाद उसे घर ले जाने के लिए कहा। घर पर लाने के बाद सोमवार रात में ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। फिर परिवारवाले उसे जिला अस्पताल बस्ती ले गए, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। आनन-फानन में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए परिवार के लोग लेकर निकले, लेकिन पूरे शरीर में काला पड़ने लगा। जिसके बाद मंगलवार शाम को आकाश की मौत हो गई। आकाश की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
नहर में डूबने से बालक की मौत
24 घंटे बाद मिला शव गांव में दफन
अमर उजाला ब्यूरो
मानिक चन्द। वाल्टर गंज थाना क्षेत्र के पड़िया खास में नागपंचमी के दिन बच्चे कबड्डी खेल रहे थे। उसी समय शोर हुआ कि मोहम्मद अलताफ (14) पुत्र असलम सरयू नहर खंड दो के पुल से नीचे गिर गया। डूबने से उसकी मौत हो गई।
गांव के लोग नहर में काफी तलाश किए, लेकिन पानी का बहाव तेज होने व नहर में झाड़ होने के कारण देर रात तक कामयाबी नहीं मिली। बृहस्पतिवार सुबह दोबारा नहर में तलाशी की गई। शाम चार बजे पुल से करीब 500 मीटर दूरी पर पानी में उतराई लाश दिखी जो अलताफ की थी। गांव वाले शव नहर से निकाल कर घर ले आए। मां राशिदा बेगम, दो छोटी बहनें, बड़ा भाई मो. आलम का रो रोकर बुरा हाल था। गांव एवं रिश्तेदारों के साथ शव को गांव के कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया। नहर में उगे झाड़ झंखाड़ से गांव के लोग काफी नाराज थे।