लखनऊ से चोरी आठ बाइकें बस्ती में बरामद
- स्वाट टीम और वाल्टरगंज पुलिस ने दो को दबोचा
- 24 जनवरी को भैसा मऊ पुलिया लखनऊ से चोरी की गई हैं बाइकें
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। लखनऊ से बाइक चुराने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर स्वाट टीम और वाल्टरगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार किया। उनके पास से आठ बाइकें बरामद हुई है।
मुखबिर की सूचना पर डीआईजी/एसपी दिलीप कुमार के निर्देश पर एएसपी पंकज व सीओ सदर आलोक सिंह के पर्यवेक्षण पर अभियान चलाया गया। मंगलवार रात करीब सवा नौ बजे सूचना के आधार पर स्वाट टीम प्रभारी विक्रम सिंह व थानाध्यक्ष वाल्टरगंज यशवंत सिंह की संयुक्त टीम वाहनों की जांच करने लगी। टिनिच मोड़ पर जांच के दौरान एक बाइक पर सवार दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तों की निशानदेही पर सात अन्य मोटर साइकिल विभिन्न स्थानों से बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रमेश सोनकर निवासी दुबौली मिश्र थाना कप्तानंगज तथा अजय कुमार निवासी ककुआ राउत थाना कप्तानगंज बस्ती बताया है। बरामद वाहनों में छह पर लखनऊ के रजिस्ट्रेशन हैं, एक बस्ती और एक बगैर रजिस्ट्रेशन नंबर की है। स्वाट टीम प्रभारी विक्रम सिंह व वाल्टरगंज एसओ यशवंत सिंह ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों ने 24 जनवरी को भैसा मऊ पुलिया लखनऊ से बाइक चोरी करने की बात कबूली है। आरोपियों को विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर दोनों को जेल भेज दिया गया। टीम में एसआई जितेंद्र सिंह वाल्टरगंज के अलावा छोटेलाल, सुरेंद्र, आदित्य पाण्डेय, अजय दुबे, अरुणेश यादव, अमित पाठक, विजय गुप्ता, रामभवन चौरसिया, दुर्ग विजय,चंद्रपति यादव आदि लोग शामिल रहे।