बनकटी (बस्ती)। लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर गांव में 15 दिन पूर्व छात्र का रास्ता रोके जाने का मामला बढ़ गया है। इसे लेकर तनाव व निरंतर झड़प के बीच शुक्रवार की दोपहर मारपीट हुई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर लाठी, भाला, पाइप लेकर धावा बोल दिया। इसके चलते एक व्यक्ति की चोट लगने से मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं। गंभीर रूप से घायल राकेश का लखनऊ तथा निरमती व लक्ष्मी को जिला चिकित्सालय बस्ती रेफर किया गया है।
बानपुर गांव में करीब15 दिन पहले रामसिंह(13) को विद्यालय से घर जाते समय तूफानी व घुरहू ने मेड पर चलने से रोका तो रामसिंह ने मामूली विरोध किया। इसको लेकर तूफानी और घरहू कई बार महेन्द्र के परिजनों से तू- तू मै- मै किया। शुक्रवार को दिन में करीब11 बजे तूफानी और घुरहू के करीब दर्जन भर लोग लाठी डंडे भाला,पाईप से सीताराम, महेन्द्र और रामलौट के घरों पर हमला बोल दिए। इन लोगों ने रामलौट, महेन्द्र, सीताराम, के साथ अंजनी, रीता, नीतू, कालिन्दी, जोगिंदर, सुरेन्द्र को मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। जिसमें घायल रामलौट (72) को बनकटी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया, जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दियटा। हमलावर पक्ष के राकेश ,निरमती और लक्ष्मी को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया जहां से राकेश को मेडिकल कालेज लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष लालगंज विक्रम सिंह ने कहा कि एक पक्ष की तहरीर मिल गई है । शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा जा रहा है। दूसरे पक्ष की घायल होने की सूचना तो है लेकिन कोई तहरीर नहीं मिला है। कार्रवाई होगी।