बनकटी/ नगर बाजार/साऊंघाट। सड़क हादसों में रविवार को मां-बेटे समेत आठ लोग घायल हो गए। हादसे लालगंज और नगर थाना क्षेत्र में हुए। बनकटी प्रतिनिधि, मुंडेरवा थाना क्षेत्र के भैंसवलिया निवासी राम औतार अपनी मां प्रभावती (60) को बाइक से लालगंज के कड़जा अजमतपुर ले जा रहे थे। बनकटी-खैराटी पर जैसे ही वे प्रभावंश महिला महाविद्यालय के पास पहुंचे शंकरपुर की तरफ से आ रहे टेंपो की चपेट में उनकी बाइक आ गई। हादसे के बाद दोनों को बनकटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। रामऔतार को मामूली चोट लगने के कारण प्राथमिक उपचार कर छोड़ दिया गया, वहीं गंभीर घायल मां प्रभावती को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लालगंज थानाध्यक्ष विकास यादव ने बताया कि टेंपो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पीड़ित पक्ष से तहरीर नहीं मिली। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
नगर बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, नूरचक निवासी रोहित(20) व अजय कुमार (19) बाइक से बगैर हेलमेट नगर बाजार जा रहे थे। बाइक रोहित चला रहा था। वहीं दूसरी ओर बस्ती की ओर से कलवारी थाना क्षेत्र के सिंगही निवासी बब्लू(19) पुत्र शौकत सबरे आलम(40) बाइक लेकर आ रहे थे। बस्ती कलवारी मार्ग पर स्थित झिरझिरवा पुल पर दोनों की बाइक आमने-सामने से टकरा गईं। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोग अभी एंबुलेंस का इंतजार कर रहे थे कि चुनाव प्रचार करने निकले बसपा के जिला प्रमुख बृजमोहन कन्नौजिया व बाबू राम चौधरी ने अपने वाहन से कार्यकर्ताओं की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बहादुरपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देखकर चारों घायलों को जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। जहां उनका उपचार चल रहा है।
साऊंघाट प्रतिनिधि के अनुसार, हरिनन्दन (21) निवासी पाकरडाड साइकिल से कहीं जा रहे थे। रविवार सुबह करीब नौ बजे बस्ती-महसो मार्ग पर महसो पावर हाउस के पास अचानक सुजीत (18) निवासी हर्रैया की बाइक की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों लोग गिरकर घायल हो गए। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने घायल हरिनन्दन के घर सूचना दी। आनन-फानन में पहुंचे उसके भाई ने बाइक से ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं बाइक सवार सुजीत को भी लोगों की मदद से उसी की बाइक से जिला अस्पताल ले जाया गया है। घटना लालगंज थाना क्षेत्र की है।