पति व ससुर दहेज हत्या में नामजद
रुधौली थाना क्षेत्र के हनुमानगंज बाजार का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती/रुधौली। थाना क्षेत्र के हनुमानगंज बाजार में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को दहेज खातिर मार डाला गया।
वहां के अनिल कुमार की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व सोनहा के अमरौली निवासी कृष्णचंद्र की बेटी सीमा के साथ हुई। उनकी दो संतान में चार साल का बेटा अंशु व पांच माह की बेटी सृष्टि है। शनिवार शाम अनिल ने अपने ससुर कृष्ण चंद्र को फोन पर सीमा की तबीयत खराब होने की सूचना दी। अगली सुबह मायके से लोग पहुंचे तो बेटी का शव चारपाई पर मिला। पुलिस की पूछताछ में पति अनिल ने मौत का कारण बीमारी बताया था। पिता कृष्ण चंद्र का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी को मार डाला। उनकी तहरीर पर पुलिस ने पति व ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।