बस्ती। आत्महत्या की खबर से हरकत में आई कलवारी पुलिस ने विवाहिता का अंतिम संस्कार रोक दिया। रसूलपुर गांव की इस घटना में पुलिस पोस्टमार्टम कराने पर अड़ गई तो ससुराल वालों को मानो सांप सूंघ गया हो। मायके पक्ष के काफी आग्रह के बाद पुलिस को जब यकीन हो गया कि कोई गड़बड़ी नहीं है तब जाकर उसका तेवर नरम पड़ा। दोनों पक्षों का बयान दर्ज करने के बाद ही दाह संस्कार की इजाजत दी। जांच करने पहुंचे सीओ अरविन्द कुमार वर्मा ने बताया कि किसी ने 100 नंबर पर गलत सूचना दी है, उसे ढूंढा जा रहा है।
दुबौलिया थानाक्षेत्र के खुशहालगंज निवासी बाबूराम के अनुसार लगभग 15 वर्ष पूर्व रसूलपुर निवासी मिश्रीलाल चौधरी के साथ अपनी बेटी का विवाह किया था। उसके तीन लड़कियां भी हैं। पिता के अनुसार सुशीला को मायके से करीब बीस दिन पहले ससुराल भेजी थी। उसके पेट में ट्यूमर था,जिसकी शहर में डॉ. अंजली अहमद के यहां इलाज चल रहा था। पुलिस को जब लगा कि मामला सही है तो शव सौंप दिया।