जिले के अलग-अलग थानों की पुलिस ने दो शव बरामद किए हैं। इनमें से एक गौर थाना क्षेत्र के तरैनी गांव की 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की है, जिसकी डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरा शव पुलिस ने छावनी थाना क्षेत्र के लोलपुर विक्रमजोत बंधे केे निकट घाघरा नदी से बरामद किया है।
तैरानी गांव के जवाहिर की पत्नी मूरता देवी रविवार को कुआनो नदी के तट पर नित्यक्रिया के लिए गई थीं। तभी अचानक पैर फिसलने से वह गिर गईं और बहाव के चलते वह गहरे पानी में चली गईं, जहां डूबने से उनकी मौत हो गई। जब देर तक वह घर नहीं लौटीं तो परिवार के लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की। बाद में महिला का शव नदी में मिला। पुलिस को सूचना देने के बाद मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
छावनी थाना क्षेत्र के बाघानाला गांव के पास लोलपुर विक्रमजोत बंधे के निकट घाघरा नदी में एक लगभग 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुुसार सुबह आठ बजे ग्रामीण नदी किनारे सैर पर निकले थे इसी दौरान किनारे पर नदी में उतराता शव नजर आया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने तत्काल गौरियानयन के ग्रामप्रधान ईश्वरदीन मौर्य को दी। इसकी जानकारी प्रधान ने पुलिस को दी, मगर तीन बजे विक्रमजोत चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष एमबी चतुर्वेदी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।