नाले में मिली युवक की लाश, हड़कंप
सीमावर्ती गोंडा जिले के बकसरिया की घटना
खोड़ारे पुलिस पहुंची, शव को कब्जे में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
बभनान। कुआनो नदी के किनारे नाले में शनिवार को 32 वर्षीय युवक की लाश देखकर सनसनी फैल गई। सुबह शौच के लिए ग्रामीण निकले थे। इन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पड़ोसी जिला गोंडा के खोड़ारे थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बकसरिया के केवटहिया में नाला बहता है। शनिवार सुबह शौच करने निकले गांव वालों ने पानी में युवक की लाश देखी। जानकारी होते ही घटना स्थल पर आसपास के गांवों के लोग भी जुट गए। थोड़ी ही देर में केशवनगर ग्रांट के मजरा बड़की केवटहिया के लोग भी पहुंचे। गांव के जोगी ने छोटे भाई सहरागी उर्फ गोदई (32) पुत्र राम शब्द के रूप में शिनाख्त की। जोगी ने बताया कि सहरागी की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। काफी दिनों से इलाज भी चल रहा था। इस बाबत थानाध्यक्ष खोड़ारे इन्द्रजीत यादव ने बताया कि शिनाख्त होने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोंडा भेज दिया गया है।