सड़क पार करने में घायल, गारेखपुर में मौत
अज्ञात वाहन की चपेट से घायल हुए थे राम प्रकाश
बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर मंगलवार सुबह हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
सल्टौआ/वाल्टरगंज। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर अज्ञात वाहन के चपेट में आने से दुकानदार गंभीर घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पकरी भीखी निवासी रामप्रकाश (55) भुजैनिया चौराहे पर किराने की दुकान करते थे। मंगलवार सुबह दुकान से किसी काम से कहीं जा रहे थे कि सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन के चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। लोगों ने परिवार को घटना की जानकारी दी। घटनास्थल पहुंचे परिजन आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में कोई सुधार होते न देखकर डॉक्टरों ने गोरखरपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान ही राम प्रकाश ने दम तोड़ दिया। मौत की जानकारी होते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी सोना कुमारी, बेटा विनोद कुमार, अशोक कुमार, प्रदीप कुमार पुत्री संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है। वाल्टरगंज थाना अध्यक्ष यशवंत सिंह ने बताया कि शव को लेकर थाने पहुंचे मृतक के बेटे विनोद कुमार की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।