हर्रैया। राजकीय महिला महाविद्यालय से सटे थान्हा खास गांव के दक्षिणी पुरवे में सोमवार रात तीन घरों को चोरों ने निशाना बनाया। किसी के छत के रास्ते तो किसी घर के सामने का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुए चोर नकदी, गहने समेत कीमती समान समेट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके का मुआयना कर जांच पड़ताल में जुट गई है।
गांव के रिटायर्ड शिक्षक अवधेश श्रीवास्तव अपनी शिक्षक पत्नी के साथ रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद कमरे में सोने चले गए। छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए चोरों ने बगल के कमरे की कुंडी खोली। कमरे में रखी आलमारी को तोड़कर चार हजार नकद व कीमती कपड़े उठा ले गए। कुछ ही दूर पर बरगोदी के घर के सामने बरामदे के रास्ते घर में घुसकर चोर दो बाक्स उठा ले गए। पीड़ित के अनुसार करीब 40 हजार नकद रुपयों के अलावा गहने भी चोरी हुई है। वहीं बगल के रहने वाले राज कुमार के घर से 25 हजार नकद, जेवर व कीमती कपड़े चोर समेट ले गए। घटना के वक्त किसी को भी वारदात की भनक तक नहीं लगी। भोर करीब चार बजे नींद खुली तो घर में बिखरा सामान व दरवाजा खुला देख अवधेश श्रीवास्तव को अनहोनी की आशंका हुई। हलचल सुनकर आसपास के लोग भी जग गए। तब तक अन्य घरों में हुई चोरी की जानकारी पर आस पड़ोस के लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची हर्रैया पुलिस ने मौके का मुआयना किया और लोगों से जानकारी जुटाई। थानाध्यक्ष ने बताया कि किसी ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस मौके पर गई थी। तहरीर मिलते ही केस दर्ज होगा।