दोस्तों का शव पहुंचते ही घर में मचा कोहराम
दोस्त को लेने बाइक से निकले थे दोनों युवक, राह में मौत
अमर उजाला ब्यूरो
दुबौलिया। क्षेत्र बड़ौसर गांव के दो युवकों की बुधवार रात ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। बृहस्पतिवार को शव पहुंचने पर कोहराम मच गया। दोनों युवक दोस्त को लेने के लिए बाइक से निकले थे।
बुधवार रात करीब आठ बजे कलवारी थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर स्थित अगौना गांव के पास उनकी बाइक में ट्रक की जोरदार ठोकर लग गई। गंभीर घायल विशाल (18) और राजमन (19) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। छोटे बेटे विशाल की मौत होने की जानकारी मिलते ही मां प्रेमलता बेसुध हो गईं। विशाल छह भाई, बहनों में सबसे छोटा था। पिता नेबूलाल खाड़ी देश में नौकरी कर घर चलाते हैं। विशाल घर पर ही रह कर गाड़ी चलाता था। राजमन भी चार भाई, बहनों में सबसे छोटा था। हादसे में राजमन की मौत की खबर सुनते ही मां संगीता व बहन ज्योति रोते-चीखते बेसुध हो गईं। पिता भीखू दिल्ली में थे। अपने छोटे बेटे की मौत की खबर पर घर के लिए रवाना हो गए। परिवार वालों के मुताबिक राजमन और विशाल अपने गांव के दोस्त संतोष को लाने जा रहे थे, जो कहीं से घर आ रहा था। कलवारी से सवारी नहीं मिलने के कारण फोन पर दोनों युवक बाइक से कलवारी जा रहे थे। अचानक सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर लगने पर दोनों की मौत हो गई।