सड़क हादसे में घायल साइकिल सवार की मौत
- वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पुरैना पड़ाव में हुई दुर्घटना
- राशन लेने जाते समय हादसा, रेफर होने के बाद रास्ते में मौत
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। बांसी मार्ग पर वाल्टरगंज थाने के पुरैना पड़ाव पर तेज रफ्तार स्कार्पियो ने साइकिल में टक्कर मार दी। जिस पर सवार 62 वर्षीय शख्स को गंभीर चोटें आ गईं। आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल भेजा। प्राथमिक इलाज के बाद हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
पुरैना पांडेय निवासी रामदुलारे चौरसिया (62) रविवार सुबह साइकिल से पोखरभिटवा में खाद्यान्न लाने जा रहे थे। पड़ाव से होकर गुजरते समय रुधौली की ओर जा रही स्कार्पियो ने ठोकर मार दी। मृतक के परिवार में मातम है। उनके दोनों बेटे रामसुमेर व कुबेरनाथ विदेश में हैं। खबर मिलते ही दोनों बेटों के घर के लिए निकल पड़े हैं।